दौलतपुर चौक (ऊना)। पंचायत समिति वार्ड लोअर भंजाल का चुनाव इस बार गगरेट क्षेत्र के सबसे रोमांचक मुकाबलों में शामिल रहा। मतगणना के दौरान कई बार बढ़त बदलती रही और अंत में केवल 22 मतों के अंतर ने जीत-हार का फैसला कर दिया।
सीमा देवी ने 1071 मत प्राप्त कर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीत लिया, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी वंदना कुमारी को 1049 मत मिले। दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और अंतिम परिणाम तक समर्थकों की धड़कनें बढ़ी रहीं।
अन्य उम्मीदवारों में उषा देवी को 413, वीना कुमारी को 330 तथा शिखा देवी को 280 मत प्राप्त हुए। कुल 3224 मतों में से 22 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया, जबकि 59 मत अमान्य घोषित किए गए।
परिणाम घोषित होते ही सीमा देवी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। वहीं, वंदना कुमारी ने भी कड़ा मुकाबला देकर अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई। संवाद