संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा से भूस्खलन व जलभराव जैसी समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां ने ऑनलाइन कक्षाओं की शुरुआत कर दी है। प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने बताया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुक़सान न हो, इसी उद्देश्य से ऑनलाइन कक्षाएं आरंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से पढ़ने वाले विद्यार्थियों को नेटवर्क संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अधिकांश बच्चे नियमित रूप से कक्षाओं से जुड़ रहे हैं।
11वीं व 12वीं कक्षाओं के लिए फिजिक्स, बायोलॉजी, बॉटनी, जूलॉजी, साइकोलॉजी, इकॉनोमिक्स, बिज़नेस स्टडीज़, हिन्दी, इतिहास, राजनीतिक शास्त्र, संस्कृत तथा सामाजिक विज्ञान विषयों की ऑनलाइन कक्षाएं सफलतापूर्वक चलाई जा रही हैं।