संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से हर मंगलवार लगाया जाने वाला स्वास्थ्य शिविर आपातकाल में श्रद्धालुओं के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। भारी बारिश के बावजूद डॉ. सुरेश गर्ग मंगलवार को शिविर में पहुंचे और मरीजों का इलाज किया। इस दौरान छह श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ी, जिन्हें तुरंत उपचार मिला। मध्य प्रदेश के 68 वर्षीय सोहन सिंह और भिवानी के महेंद्र सिंह को उच्च रक्तचाप व मधुमेह की समस्या हुई, वहीं बल्लभगढ़ की 63 वर्षीय गायत्री देवी की भी हालत बिगड़ी। सभी को मौके पर राहत दी गई। आसपास के गांवों के लोग भी इस शिविर का लाभ ले रहे हैं। सेवानिवृत्त आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. सुरेश गर्ग हर मंगलवार निशुल्क सेवा देते हैं। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि शिविर से स्थानीय 12 गांवों के लोग भी लाभान्वित हो रहे हैं।