One-way traffic resumes in Santoshgarh market
संतोषगढ़ (ऊना)। स्थानीय बाजार में फिर से वन वे ट्रैफिक व्यवस्था शुरू हो गई है। कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई थी। मालवाहक और दोपहिया वाहनों का बाजार में दोबारा से आना-जाना शुरू हो गया था। इसकी वजह से दुकानदार परेशानी झेल रहे थे।
संतोषगढ़ पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामलाल ने बताया कि कुछ दिन पहले नगर परिषद संतोषगढ़ के मुख्य बाजार के दुकानदारों और नगर परिषद के पार्षदों ने उन्हें बाजार में पूर्व में लागू ट्रैफिक व्यवस्था को शुरू करने का आग्रह किया था। इस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने सोमवार से पुरानी वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था की दोबारा शुरू कर दी है।
उन्होंने दुकानदारों सहित नगर वासियों से अपील की कि वे ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार ही समयबद्ध तरीके से वाहनों को बाजार के अंदर लेकर जाएं। वन वे व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन किए जाने पर चालान का प्रावधान भी रहेगा। बार-बार मालवाहक वाहनों की आवाजाही से परेशान दुकानदारों ने ट्रैफिक व्यवस्था के दोबारा लागू होने पर खुशी जताई है।
क्या है वन वे ट्रैफिक व्यवस्था
मार्च 2019 में लागू की ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार संतोषगढ़ बाजार में चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर सुबह साढ़े 10 से शाम के 7 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। रविवार सहित आपातकालीन परिस्थितियों में बाजार में किसी भी वाहन के प्रवेश पर कोई रोक नहीं रहेगी। इसके अलावा बाजार के साथ लगते मोहल्लों में से अगर कोई अपना निजी वाहन लेकर जाना या अंदर आना चाहता है तो वह वन वे व्यवस्था के तहत बाजार के उत्तरी छोर से प्रवेश करेंगे और वन वे व्यवस्था को कायम रखते हुए दक्षिणी छोर से बाहर निकलेंगे।