क्षेेत्र के संतोषगढ़-टाहलीवाल मार्ग पर पुल के पास कार और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सावर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल की पहचान अभिषेक कुमार निवासी रक्कड़ जिला ऊना के रूप में हुई है।
घायल युवक को लोगों की सहायता से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत में पीजीआई रेफर कर दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रिंपल कुमार ने संतोषगढ़ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने दोस्त के साथ टाहलीवाल से अपने घर रक्क्ड़ जा रहा था कि संतोषगढ़ स्वां नदी के पुल के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे उसके दोस्त अभिषेक कुमार को सिर में चोटें आई हैं। हादसे में घायल अभिषेक कुमार को नाजुक हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक अमरीश कुमार निवासी नंगल के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।