जिले के बनखंडी और अंबोटा में पेश आए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई है। जबकि, तीन लोग घायल हो गए हैं। मृतक युवक की पहचान मलिकपुर (होशियारपुर) निवासी चरणजीत सिंह पुत्र सुच्चा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामलों के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पहला हादसा शुक्रवार देर रात बनखंडी में पेश आया, जहां बोलेरो जीप और बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार चरणजीत सिंह निवासी मलिकपुर होशियारपुर और हरमन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 रोगी वाहन कर्मियों ईएमटी रोहित और पायलट कुलवीर की मदद से अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। होशियारपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चरणजीत ने दम तोड़ दिया, जबकि हरमन निवासी मलिकपुर होशियारपुर का उपचार अस्पताल में चल रहा है। हादसे में हरमन की टांगें फ्रेक्चर हुई हैं।
दूसरा हादसा अंबोटा में शुक्रवार देर रात पेश आया, जहां स्कूटी और टैंपो की टक्कर में स्कूटी सवार साधु राम और पूर्ण चंद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामलों के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।