ऊना। उपायुक्त जतिन लाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें बल्कि फील्ड में जाकर विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने मंगलवार को अपने चैंबर में लोक निर्माण, जल शक्ति, उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ये निर्देश दिए। उपायुक्त ने जिला में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की अधिकारियों से जानकारी ली। उपायुक्त ने बल्क ड्रग पार्क से संबंधित जल शक्ति विभाग द्वारा लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पंडोगा-त्युड़ी पुल पर भी चर्चा की। करीब साढ़े 12 करोड़ रुपये की लागत से गवर्नमेंट कॉलेज हरोली के निर्माण कार्यों सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के विस्तार से जुड़े कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की।