नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी गल्र्स हैंडबॉल चैंपियनशिप के दौरान उपायुक्त जतिन लाल से मिलते कोच व
- फोटो : 1
ऊना। इंदिरा गांधी खेल परिसर ऊना में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी गर्ल्स हैंडबाल चैंपियनशिप के दौरान मंगलवार को रेफरी पैनल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हैरत की बात यह रही कि एलपीयू और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ टीमों के कोच मुख्यातिथि डीसी ऊना जतिन लाल के सामने ही एक-दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के बीच खेले जा रहे मुकाबले में रेफरी पैनल को लेकर यह विवाद खड़ा हो गया। एलपीयू की हैंडबाल कोच ने आरोप लगाया कि इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर जब भी उनकी टीम का सामना पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से होता है, तब मैच में अक्सर एक ही रेफरी को नियुक्त किया जाता है। एलपीयू टीम की कोच स्नेह लता का कहना है कि उक्त रेफरी द्वारा दिए जाने वाले निर्णय अक्सर एलपीयू टीम के खिलाफ होते हैं, जिससे मैच के परिणाम प्रभावित होते हैं। एलपीयू अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस प्रतियोगिता के दौरान भी उनकी टीम को हराकर बाहर करने की धमकियां तक दी गई हैं। विवाद उस समय और अधिक चर्चा का विषय बन गया। जब प्रतियोगिता स्थल पर उपायुक्त जतिन लाल मुख्यातिथि के रूप में मौजूद हुए। इस दौरान एलपीयू टीम प्रबंधन ने अपने आरोप सार्वजनिक रूप से रखे और निष्पक्ष रेफरिंग की मांग की। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. संजय शर्मा ने इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि प्रतियोगिता के लिए रेफरियों का पैनल अखिल भारतीय हैंडबाल फेडरेशन द्वारा भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय केवल प्रतियोगिता का आयोजक है जबकि मेजबानी महिला महाविद्यालय ऊना को दी गई है। उन्होंने कहा कि रेफरी चयन या मैच संचालन में एचपीयू का कोई प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं है।