कुछ विभागों के अधिकारी अपनी योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी नहीं दे पाए
निर्धारित समय अवधि के भीतर करो पूरा, निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने शुक्रवार को अंब स्थित विश्राम गृह में उपमंडल के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और उन्हें समय पर पूरा करने को सुनिश्चित करना था।
इस दौरान विधायक ने एक-एक कर सभी विभागों के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। जब कुछ विभागों के अधिकारी अपनी योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी नहीं दे पाए, तो विधायक ने नाखुशी जताते हुए मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में बैठकों में पूरी तैयारी और होमवर्क के साथ आएं।
विधायक ने कहा कि प्रशासनिक सक्रियता से ही सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और सही तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। साथ ही अधिकारियों से उन्होंने आपसी समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया, ताकि किसी भी विभागीय बाधा के कारण विकास कार्य रुकने न पाए।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रविंद्र शर्मा, तहसीलदार अंब नरेश पटियाल, बीएमओ डॉ. राहुल कतना, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता होशियार सिंह जस्सल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक शर्मा आदि उपस्थित रहे।