सरकारी स्कूलों ने भी निजी स्कूलों से प्रतिस्पर्धा करनी शुरू कर दी है। वीरवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला बबेहड़ में अध्यापक-अभिभावक बैठक केंद्रीय मुख्य शिक्षिका शोभा देवी की अध्यक्षता की गई।
बैठक में अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूल में नर्सरी कक्षा, प्रथम कक्षा से अंग्रेजी माध्यम, बच्चों के मनोरंजन एवं शैक्षणिक विकास के लिए कंप्यूटर, बेंच डेस्क एवं स्टूडेंट डायरी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर बीआरसीसी राज कुमार ने लोगों को जागरूक किया कि वे घर पर बच्चों के लिए पढ़ाई का माहौल तैयार करें, व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान दें। स्कूल के प्रति अपनी जिम्मेवारी समझें, बच्चों के सपनों को ऊंचाई दें और उसे साकार करने में सहायता करें।
मुख्य अध्यापिका सरला देवी ने कहा कि अभिभावक किसी भी समय स्कूल में आकार या मोबाइल पर अपने बच्चे की पढ़ाई संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त एवं शौर्य चक्र से सम्मानित कैप्टन सुशील कुमार, समाजसेवी संजय पुर्जा, शोभा गुलेरिया ने भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया गया कि ज्यादा से ज्यादा लोग स्कूल में अपने बच्चों को दाखिल करवाएं।
बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ मिशन को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश इस मंच के माध्यम से दिया गया। इस मौके पर एसएमसी सुमन कुमारी, पंचायत प्रधान कीर्ति, उपप्रधान नरेंद्र कुमार, एसएमसी सदस्य राज कुमारी, राज रानी, नीलम, सुनीता देवी, गुरपाल, रणजीत सिंह, कुलदीप शर्मा व अभिभावक मौजूद रहे।