शहर में एकाएक बढ़ रही है लावारिस कुत्तों की संख्या
नगर परिषद ने विशेष अभियान चलाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर परिषद की तरफ से लावारिस कुत्तों की संख्या पर लगाम लगाने के लिए शुरू किया गया नसबंदी अभियान नए साल में भी जारी रहेगा। इसे लेकर नगर परिषद ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। नगर परिषद की तरफ से अभी तक 200 से अधिक कुत्तों की नसबंदी की गई है। आगामी दो माह में 300 कुत्तों की नसबंदी करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर परिषद की तरफ से शहरवासियों को लावारिस कुत्तों से निजात दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बीते 1 वर्ष में शहर में लावारिस कुत्तों की संख्या काफी बढ़ गई है। इस पर लगाम कसने के लिए नगर परिषद की ओर से नसबंदी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को दिसंबर में खत्म किया जाना था। अब आगामी नए साल में भी दो माह तक इस अभियान को निरंतर चलाया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद ने मलाहत में नसबंदी केंद्र भी स्थापित किया है। जहां पर कुत्तों की नसबंदी करने के बाद उनकी देखभाल भी की जा रही है। अभी तक नगर परिषद की तरफ से 200 से अधिक लावारिस कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। इसके अलावा अन्य 300 कुत्तों की नसबंदी भी आगामी दो माह में नगर परिषद की तरफ से की जाएगी। नसबंदी से पूर्व कुत्तों को पकड़ने के लिए पंचकूला की एक निजी कंपनी से समझौता किया गया है। इसके अलावा निजी कंपनी की तरफ से ही नसबंदी से संबंधित ऑपरेशन करने के लिए वेटरनरी चिकित्सकों की टीम भी शहर में कार्य कर रही है। शहर में कुछ माह पूर्व लावारिस कुत्तों की ओर से लोगों को काटे जाने के मामलों के बाद नगर परिषद ने इस पर कार्य शुरू कि या है।
कोट्स
लावारिस कुत्तों की नसबंदी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। आगामी दो माह तक यह अभियान जारी रहेगा। इसके लिए मलाहत में नसबंदी केंद्र स्थापित किया गया है। आगामी समय में 300 कुत्तों की नसबंदी करने का लक्ष्य रखा गया है।
ललित कुमार, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद ऊना।