रविवार रात को एयरफोर्स जवान के घर हुई थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। पिपलू ग्राम पंचायत में रविवार रात को चोरों ने एयरफोर्स जवान के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद सोमवार रात को चोरों ने फिर 300 मीटर की दूरी पर आर्मी जवान के घर चोरी कर डाली।
चोरों ने घर के मुख्य गेट और दरवाजे का ताला तोड़ कर अंदर रखे सामान को बिखेर दिया और लॉकर में रखे गहने तथा नकदी उड़ा ले गए। चोरी की गई राशि कितनी थी और कौन-कौन से गहने थे, यह परिवार सदस्यों के आने के बाद ही कहा जा सकता है। आर्मी के जवान मुकेश कुमार पुत्र सुखराम गांव थानाखास उपरला, घलूं पिपलू के घर चोरी हुई है।
बताया जा रहा कि जवान का परिवार उसी के साथ रहता है। जबकि, उनके भाई का घर कुछ दूरी पर है। रात के समय हुई चोरी की उन्हें भी भनक नहीं लग पाई। इससे पहले बीते रविवार की रात पिपलू में एयरफोर्स के जवान के घर चोरी की वारदात हुई थी। एक गांव में दो दिन में दो अलग-अलग घरों में चोरी होने पर लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में बीडीसी सदस्य राज कुमार मनकोटिया, पंचायत प्रधान महिंद्र सिंह राणा, उपप्रधान सहित अन्य अभिषेक कुमार, रिशु बनियाल, जनक सिंह, राजेश ठाकुर सहित अन्य लोगों ने चोरों को पकड़ कर इनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस थाना प्रभारी रोहित चौधरी का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बाहरी लोगों पर निगाह रखने का आह्वान किया है।