व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए मेला क्षेत्र दस सेक्टरों में बांटा
एसडीएम ने मैड़ी मेले में सुरक्षा और व्यवस्था प्रबंधों को लेकर की समीक्षा बैठक
साफ-सफाई के लिए प्रत्येक दुकान के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य
इसके अलावा 14 मार्च को निशान साहिब झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के मैड़ी में 7 से 17 मार्च तक आयोजित होने वाले होली मेला के मद्देनजर किए गए सुरक्षात्मक और व्यवस्था प्रबंधों को लेकर एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने मंगलवार को बचत भवन अंब में समीक्षा बैठक की। मेला अवधि के दौरान 850 पुलिस जवान, 125 महिला पुलिस कर्मी और 750 होमगार्ड जवान मेला क्षेत्र में सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। मेला क्षेत्र में विभिन्न व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए मेला क्षेत्र को दस सेक्टरों में बांटा गया है ताकि यातायात, पार्किंग तथा स्वच्छता सहित अनेक प्रकार की अन्य व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई का जिम्मा सुलभ इंटरनेशनल को दिया गया है। मेला परिसर में प्रत्येक दुकान के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य रहेगा ताकि मेला क्षेत्र को साफ-सुथरा रखा जा सके। इसके अलावा 14 मार्च को निशान साहिब (झंडा चढ़ाने) की रस्म अदा की जाएगी। जबकि 16 मार्च की मध्यरात्रि को पंजा प्रसाद वितरित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में मेडिकल पोस्ट भी उपलब्ध रहेगी। मेले के दौरान एडीसी ऊना मेला अधिकारी और एसडीएम अंब सहायक मेला अधिकारी होंगे। जबकि एएसपी ऊना पुलिस मेला अधिकारी और डीएसपी अंब सहायक पुलिस मेला अधिकारी होंगे। बैठक में एएसपी संजीव भाटिया, डीएसपी अंब वसूदा सूद, बीडीओ अंब ओम डोगरा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ सुखदीप सिंह सिधू, मैड़ी खास पंचायत की प्रधान रीना, नैहरी पंचायत की प्रधान नीलम, ज्वार पंचायत के प्रधान संदीप सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
आपातकालीन एग्जिट रूट प्लान बनेगा
एसडीएम ने डेरा बाबा बड़भाग सिंह के साथ श्री चरण गंगा और मंजी साहिब गुरुद्वारा समेत अन्य धार्मिक स्थलों के लिए आपातकालीन निकासी योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निकासी रूट प्लान के क्रियान्वयन पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बाक्स
नशे पर नकेल कसने को लेकर बनेंगी पुलिस टीमें
सचिन शर्मा ने बताया कि मेला अवधि में नशे जैसी गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस बल की टीमें बनाई जाएंगी ताकि किसी भी प्रकार की नशीली गतिविधियों को रोका जा सके।
लाउड स्पीकर धीमी आवाज में लगाने की अनुमति
मेला क्षेत्र में सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक ही लाउड स्पीकर धीमी आवाज में लगाने की अनुमति रहेगी। उन्होंने मैड़ी स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों तथा सीमावर्ती ग्राम पंचायतों के जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे मेले के सफल आयोजन में हर संभव योगदान दें।