हरोली बस स्टैंड बनने के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम ने लिया फैसला
आशुतोष डोगरा
ऊना। उपमंडल हरोली के बाशिंदों को दो लंबे बस रूटों की सुविधा मिलना शुरू हो गई है। ये दो रूट ऊना के बजाय हरोली से चल रहे हैं। एक बस हरिद्वार व दूसरी बस शिमला के लिए चल रही है। इसे लेकर परिवहन विभाग ने परमिट भी जारी कर दिया है। इससे क्षेत्र के लोगों को बस सुविधा का लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगाें की तरफ से इसे लेकर मांग भी उठाई जा रही थी। यह बसें हरोली बस स्टैंड से रवाना हाेंगी।
हरोली क्षेत्र के लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए ऊना से चलने वाली दो बस रूटों को हरोली बस स्टैंड से चलाया जा रहा है। हरोली से हरिद्वार जाने वाली बस रोजाना सुबह 5:45 बजे वाया घालूवाल चलेगी। शिमला जाने वाली बस रोजाना सुबह 6:25 वाया रामपुर पुल होते हुए शिमला के लिए रवाना होगी। इससे क्षेत्र की जनता को काफी लाभ मिलेगा। इससे पूर्व लोगों को यह बसें लेने के लिए जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता था। ऐसे में सवारियों को सुबह के समय परिजन अपने वाहनों से ऊना छोड़ने के लिए आते हैं। ये बसें अब हरोली बस स्टैंड से ही मिल जाएंगी। अस्थि विसर्जन के लिए कई लोग हरिद्वार का रुख करते हैं। साथ ही प्रदेश की राजधानी शिमला में कई कार्यों के चलते लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसी के चलते निगम ने इन बसों को हरोली से चलाने का निर्णय लिया है। लोगों को इस सुविधा के शुरू होने से काफी लाभ मिलेगा। इसके अलावा हरोली से रिकांगपियो के लिए भी बस सुविधा चलाने के लिए निगम की तरफ से उच्च संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर जल्द ही संबंधित विभाग कोई निर्णय लेगा। हरोली में कुछ दिन पहले ही बस स्टैंड का शुभारंभ किया गया है ताकि लोगों को एक स्थान से लेकर दूसरे स्थान पर आने-जाने के लिए बस स्टैंड से ही सुविधा मिल सके। इसी कड़ी में अब दो बसों को हरोली से चलाने का फैसला किया गया है।
कोट्स
ऊना से चलने वाली दो बसों को हरोली से चलाया जा रहा है। यह सुविधा हाल ही में निगम ने शुरू की है। हरोली से अन्य रूटों पर भी बसें चलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
सुरेश धीमान डीडीएम एचआरटीसी ऊना।