पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन ने बुधवार को एमसी पार्क में बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगे पूरी न होने पर प्रदेश सरकार के प्रति रोष प्रकट किया। संगठन के महासचिव सतपाल ने बताया कि पेंशनरों की मांगे लंबे अरसे से चली आ रही हैं। इसे लेकर एक ज्ञापन राज्यपाल को प्रेषित किया है। सरकार की तरफ से हर बार आश्वासन दिया जाता है लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आलम यह है कि अप्रैल 2024 के बाद सेवानिवृत्त हुए एचआरटीसी कर्मियों को आज दिन तक पेंशन नहीं मिल पाई है। इसके अलावा पेंशनरों को मिलने वाले अन्य वित्तीय लाभ भी सरकार ने नहीं दिए हैं। उम्र के इस पड़ाव में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनरों के मेडिकल बिल भी सरकार अदा नहीं कर रही है। ऐसे में कर्ज लेकर पेंशनरों को अपना इलाज करवाना पड़ रहा है। सदस्यों ने कहा कि वर्ष 2016 के बाद संशोधित वेतनमान व पेंशन के पुन: निर्धारण के एरियर का भुगतान सरकारी विभागों में अन्य बोर्ड के पेंशनरों को दे दिया गया है लेकिन परिवहन निगम के पेंशनर आज भी इसके लिए इंतजार कर रहे हैं। सरकार को इन सभी मांगों पर गंभीरता से कार्य करने की जरूरत है ताकि पेंशनरों को उनका अधिकार मिल सके। इस मौके पर संगठन के विभिन्न सदस्य मौजूद रहे।