मेन बाजार मेहतपुर में रेलिंग के मध्य आवाजाही के लिए रखा गया रास्ता ।संवाद
संतोषगढ़ (ऊना)। मैहतपुर से झलेड़ा तक राष्ट्रीय राजमार्ग में रोड डिवाइडर पर रेलिंग लगाई जा रही है। ऊना नगर निगम क्षेत्र में सड़क से आर-पार जाने के लिए रास्ता न रखे जाने से दुकानदारों और लोगों में प्रशासन के प्रति रोष है। रास्ता न छोड़े जाने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इन दिनों दिल्ली-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलिंग लगाने का कार्य करवाया जा रहा है। जिस में राजमार्ग पर डिवाइडर वाले हिस्सों पर रेलिंग लगाने का कार्य तो किया जा रहा है मगर बीच में लोगों को सड़क आर-पार करने के लिए रास्ता नहीं रखा जा रहा है। हालांकि मैहतपुर नगर परिषद में हिमाचल के प्रवेश द्वार से लेकर आरटीओ बैरियर तक लगभग आधा दर्जन से अधिक जगह पर रेलिंग के बीच लोगों को सड़क आर-पार करने के लिए रास्ता रखा गया है। वहीं दूसरी और ऊना शहर में जब रेलिंग लगाने का कार्य शुरू हुआ। तब कुछ जगह पर लोगों को सड़क से आर-पार जाने के लिए रास्ते बनाए गए मगर प्रशासन की मनमानी व अड़ियल रवैये की वजह से बाद में उन्हें बंद कर दिया गया। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क से आर-पार जाने के लिए रास्ता रखा जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलिंग लगाने का कार्य देख रहे एसडीओ राजेश कुमार का कहना है कि कई जगह नगर निगम क्षेत्र में रेलिंग के बीच रास्ते रखे गए थे। उन्हें भी अब बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एडीसी से उन्हें सख्त आदेश मिले हैं कि रेलिंग में किसी भी तरह की आवाजाही के लिए रास्ता न रखा जाए।
नंगल रोड स्थित पालिका बाजार के दुकानदार अभिषेक कालिया का कहना है कि सड़क में डिवाइडर पर रेलिंग लगाने से उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। रेलिंग में रास्ता न रखने से ग्राहकों को दुकानों पर आने जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रशासन से मांग की है कि जो रेलिंग लगाई जा रही है, उसमें सड़क पर आमने-सामने दुकानों में आने जाने के लिए रास्ता रखा जाए।
ऊना नगर निगम क्षेत्र के दुकानदार पारस मलिक का कहना है कि रेलिंग लगाने से उनका काम प्रभावित हो रहा है। लोगों को एक-दूसरे की दुकान पर जाने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। जब राजमार्ग पर लगी हुई रेलिंग में मैहतपुर बाजार में रास्ता कई जगह रखा गया है तो ऊना में प्रशासन क्यों भेदभावपूर्ण नीति अपना रहा है।