डिस्पेंसरी के सहारे ही चल रहा है काम
गगरेट क्षेत्र में प्रस्तावित है ईएसआईसी अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र के टाहलीवाल में 100 बेड का ईएसआईसी अस्पताल बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। भूमि चयनित होने के बावजूद आगे की कार्रवाई अभी तक नहीं हो पाई है। लंबे समय से जिले में ईएसआईसी अस्पताल की मांग उठ रही है, लेकिन फिलहाल लोगों को केवल डिस्पेंसरी के माध्यम से ही उपचार सुविधा मिल रही है। कर्मचारियों को गंभीर बीमारियों या हादसों की स्थिति में जिले से बाहर अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों व उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस समस्या को दूर करने के लिए विभिन्न कर्मचारी संगठन लगातार आवाज उठा रहे हैं। सरकार ने टाहलीवाल क्षेत्र में अस्पताल स्थापित करने की कवायद तो शुरू की, लेकिन भूमि चयनित होने के बाद प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है। इस बीच जिले के विभिन्न उद्योग संघों ने अस्पताल को जिले के केंद्र में बनाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि टाहलीवाल क्षेत्र जिले के एक छोर पर स्थित है, जिससे अन्य उपमंडलों के कर्मचारियों को वहां तक पहुंचने में अधिक समय लगेगा। यही कारण है कि अस्पताल का निर्माण अब जटिल स्थिति में पहुंंच गया है।
जिले के टाहलीवाल क्षेत्र में 100 बेड का ईएसआईसी अस्पताल बनाने की योजना है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है और अंतिम निर्णय सरकार ही लेगी। -डॉ. विवेक शारदा, प्रभारी, ईएसआईसी गगरेट