बहुउद्देशीय भवन का निर्माण लटका, लोगों की सुरक्षा खतरे में
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर निगम के पुराने भवन को गिराकर प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवन के निर्माण की योजना फिलहाल अधर में लटक गई है। नगर परिषद के कार्यकाल में भेजे गए प्रस्ताव को अभी तक उच्च अधिकारियों की मंजूरी नहीं मिल पाई है। इसके चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम पुराने टाउन हॉल भवन की जगह आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देशीय भवन का निर्माण करवाना चाहता है। इसके लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन अभी तक इसे स्वीकृति नहीं मिली है। वर्तमान में टाउन हॉल का भवन जर्जर हालत में पहुंच चुका है। भवन की दीवारों और छत में जगह-जगह दरारें आने से लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मंजूरी देकर नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करवाने की मांग उठाई है।
ऊना शहर में बने टाउन हॉल में कई कार्यक्रम और बड़े आयोजन हुआ करते थे। इसके अलावा लोग शादियों के लिए भी इस हॉल को किराये पर लेते थे। अब भवन की जर्जर हालत के चलते यह आयोजन होना भी बंद हो गए हैं।
नगर परिषद के समय के पुराने कार्यालय के स्थान पर नया भवन बनाने की योजना है। इस मामले पर जल्द उच्च अधिकारियों से बातचीत कर इसका हल निकाला जाएगा। - पृथी पाल सिंह, आयुक्त नगर निगम ऊना