संदेह के आधार पर शिक्षण संस्थानों और गर्भवतियों से पूछताछ
फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। थानाकलां के तालाब में तीन दिन पूर्व मिले नवजात शिशु के शव की घटना की जांच को पुलिस ने आगे बढ़ाया है। वीरवार को पुलिस ने गांव के स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों में जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर शिक्षण संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों, छात्राओं और गर्भवती महिलाओं से पूछताछ की। ग्रामवासियों के अनुसार यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दी जानी चाहिए।
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि जांच का दायरा बढ़ा दिया है। गांव में सभी संभावित स्रोतों से जानकारी इकट्ठा की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, टांडा मेडिकल काॅलेज से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले से जुड़ी वास्तविक तस्वीर सामने आएगी कि नवजात शिशु की हत्या करके फेंका गया है या फिर कितने समय पहले नवजात ने जन्म लिया है। ग्राम पंचायत के उपप्रधान रमन कुमार ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि किसी को भी इस विषय में कोई जानकारी हो तो वे तुरंत पुलिस या ग्राम पंचायत को सूचित करें। उन्होंने कहा कि ऐसी अमानवीय घटनाओं को रोकने के लिए समाज को भी संवेदनशील होना होगा।