रात के समय जलाई जा रहीं बड़ी लाइटें, लोगों में भय का माहौल
ऑपरेशन सिंदूर के बीच औद्योगिक क्षेत्र में प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच हरोली विधानसभा के औद्योगिक क्षेत्र में लापरवाही बरती जा रही है। थाना टाहलीवाल के अंतर्गत टाहलीवाल, बाथू और बाथड़ी जैसे क्षेत्रों में उद्योग सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं, लेकिन कामगारों और स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है।
कामगारों को अपने दोपहिया वाहनों और अन्य साधनों की लाइट जलाकर उद्योगों में काम करने के लिए रात के समय आना-जाना पड़ रहा है, जिससे असुरक्षा की भावना गहराई है। प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार शुक्रवार रात को टाहलीवाल थाना क्षेत्र के अधिकांश गांवों ने अपने घरों और गलियों की लाइट बंद रखकर सतर्कता बरती लेकिन औद्योगिक क्षेत्र के कई उद्योगों और क्रशर संचालकों ने इस निर्देश को नजरअंदाज किया। उन्होंने अपने उद्योग परिसरों में बड़ी-बड़ी लाइटें चालू रखीं, जिससे आसपास के निवासियों में भय और असुरक्षा बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार एक उद्योग गांव बाथू में स्थित है। यहां लाइटें शुक्रवार रात को चालू रखी गईं। इस उद्योग में एलपीजी गैस के भंडारण के लिए उद्योग परिसर में बड़े-बड़े टैंक बने हुए हैं। टनों के हिसाब से एलपीजी गैस मौजूद रहती। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे सकती है। प्रशासन ने इस मामले में उद्योग प्रबंधकों को सख्त निर्देश जारी करने की बात कही है। स्थानीय लोग भी प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जल्द इसपर कार्रवाई की जाएगी।