कहा- 1500 करोड़ की सहायता को ऊंट के मुंह में जीरा बताना निंदनीय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने वीरवार को भाजपा कार्यालय ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि को ऊंट के मुंह में जीरा.. कहना निंदनीय है। उन्होंने जोर दिया कि प्राकृतिक आपदाओं को राजनीति के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए और आज इस समय जरूरत है कि सभी दल मिलकर एकजुट होकर इस आपदा का सामना करें। सत्ती ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कहा है कि हिमाचल उनका दूसरा घर है, इसलिए भविष्य में और अधिक सहयोग की उम्मीद स्वाभाविक है। भाजपा इस आपदा में केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही सहायता के लिए आभार व्यक्त करती है और कांग्रेस को भी आलोचना के बजाय आभार व्यक्त करना सीखना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा मीडिया के सह संयोजक राज कुमार पठानिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने न केवल प्रदेश के लिए फौरी राहत प्रदान की, बल्कि भविष्य में और अधिक सहायता का आश्वासन भी दिया है। पीएम ने आपदा प्रभावित घरों की जियो-टैगिंग कराने की बात कही, ताकि हर परिवार तक सटीक मदद पहुंच सके। इसके साथ ही प्रदेश में जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन के लिए सर्वे कराने की योजना भी बनाई गई है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बेहतर ढंग से निपटा जा सके। प्रदेश में इस आपदा के कारण बगीचों और फॉरेस्ट लैंड को भारी नुकसान हुआ है। पीएम ने इस दिशा में फॉरेस्ट पॉलिसी में संभावित बदलाव पर विचार करने की बात भी कही है।