किस क्षेत्र और वार्ड के लिए कौन सा रास्ता जाता है, सूचना बोर्ड पर किया जाएगा अंकित
बाहरी क्षेत्र से आने वाले लोगों को उक्त स्थान तक पहुंचने के लिए नहीं होगी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर परिषद की तरफ से लोगों की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न वार्डों और प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इसे लेकर नगर परिषद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिला मुख्यालय में अन्य क्षेत्रों से आने वाले लोगों को कई बार शहर के प्रमुख रास्तों और अन्य स्थानों का पता नहीं चल पाता है। ऐसे में बाहरी क्षेत्र से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वे कई बार गलत रास्ते पर जाकर परेशानी झेलते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए अब नगर परिषद ने शहर में विभिन्न स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाने का निर्णय लिया है। जनवरी से यह सूचना बोर्ड लगाने की प्रक्रिया शहर में शुरू हो जाएगी। इससे खास तौर पर बाहरी क्षेत्र से आने वाले अनजान लोगों को किसी स्थान पर जाने के लिए परेशानी नहीं होगी और न ही किसी से रास्ता पूछना पड़ेगा। शहर के वार्डों में कई कार्यालय स्थापित हैं। ऐसे में लोगों को इनका पता नहीं चल पाता है। इसे लेकर नगर परिषद ने सभी वार्ड पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में किस स्थान पर यह सूचना बोर्ड लगाए जाने हैं।
कोट्स
शहर में विभिन्न स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाने को लेकर निर्णय लिया गया है। नव वर्ष से इस मुहिम को शहर में शुरू कर दिया जाएगा।
ललित कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद ऊना।