नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेसियों को हेलमेट पहनाने का सपना छोड़कर अपने मंत्रिमंडल के लिए हेलमेट का बंदोबस्त करें। आए दिन उनमें टकराव हो रहा है साथ ही हेलमेटों को भी एकत्र कर लें।
लोकसभा चुनावों के बाद प्रदेश में भाजपा को इसकी जरुरत पड़ सकती है। मुकेश ने कहा कि मुख्यमंत्री को इन दिनों सरकार और भाजपा से अधिक चिंता कांग्रेस की हो रही है। इस चिंता को वे छोड़ दें, कांग्रेस बखूबी काम करना जानती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का वजूद कांग्रेस की वजह से है और इसके विकास का श्रेय कांग्रेस को जाता है। हिमाचल के पूर्ण राजत्व दिवस पर मुख्यमंत्री को प्रदेश के विकास में कांग्रेस के योगदान को नहीं भूलना चाहिए।
वीरभद्र सिंह का कांग्रेस पार्टी में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में सम्मान है। वीरभद्र सिंह 60 साल से राजनीति में है और 6 बार मुख्यमंत्री बने हैं, जबकि जयराम पहली बार सीएम बने हैं। वीरभद्र सिंह जनाधार के नेता हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनकी टीम जिस प्रकार से भाजपा के सीएम के प्रोजेक्ट चेहरे प्रेम कुमार धूमल को हार के बाद दरकिनार करने का प्रयास कर रहे हैं उस पर मंथन करें। मुकेश ने कहा कि प्रदेश में पहली बार जयराम सरकार के नेतृत्व में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का रिकॉर्ड टूट रहा है।
इंदिरा के नाम से क्यों है खौफ
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा पन्ना लाल सम्मेलन जिले के इंदिरा मैदान में कर रही है, लेकिन अपने बोर्डों और बैनरों में सिर्फ खेल मैदान लिख रही है। उन्होंने कहा कि शायद भाजपा को इंदिरा नाम से खौफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के ऐसे हथकंडों से इंदिरा गांधी के नाम को भुलाया नहीं जा सकता।