बंगाणा (ऊना)। बंगाणा उपमंडल की बेटी मुस्कान ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें आईआईटी से कंप्यूटर साइंस की डिग्री पूरी करने पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करेंगी। यह गौरवपूर्ण क्षण न केवल मुस्कान बल्कि पूरे हिमाचल और विशेषकर बंगाणा के लिए गर्व की बात है।
मुस्कान ने प्रारंभिक शिक्षा बंगाणा के प्रतिष्ठित ईएमआर संस्थान से प्राप्त की और वह वहां की होनहार छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय ईएमआर के डायरेक्टर ध्रुव कीर्ति को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।
मूल रूप से गांव मुच्छाली निवासी मुस्कान के पिता राजेश कुमार भारतीय सेना में कार्यरत हैं। सैन्य परिवार से होने के कारण उनमें अनुशासन और समर्पण के संस्कार बचपन से ही रहे हैं। आईआईटी से डिग्री के बाद उन्हें एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में 20 लाख रुपये वार्षिक पैकेज की नौकरी मिली है। अब मुस्कान का लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा पास कर प्रशासनिक सेवा में देश की सेवा करना है। उनका यह सम्मान न केवल उनकी मेहनत और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है, बल्कि उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है जो ग्रामीण पृष्ठभूमि से आकर बड़े सपने देखते हैं। ईएमआर डायरेक्टर ध्रुव कीर्ति ने कहा कि मुस्कान अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं और अब वह सभी छात्रों के लिए एक आदर्श बन चुकी हैं। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि बेटियां अगर ठान लें, तो हर क्षेत्र में देश का गौरव बन सकती हैं।