दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक के समीप मावा कहोलां में नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार 44 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार निवासी मावा कहोलां के रूप में हुई है। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राकेश अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार बाइक पर घर से मावा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक नीलगाय सड़क पार करते हुए उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें बचाने के प्रयास किए गए लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने हादसे के संबंध में नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।