ऊना। जेएमएफसी कोर्ट नंबर तीन ऊना ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान की वर्दी फाड़ने और मारपीट पर आरोपी मां-बेटे को दोषी करार दिया है। अदालत ने दोनों दोषियों को तीन माह कैद सजा का फैसला सुनाया है। इसके साथ 500 रुपये जुर्माना भरने के आदेश दिए हैं। जुर्माना न भरने पर 30 दिन कैद सजा भुगतनी होगी।
जिला न्यायवादी सोहन सिंह कौंडल ने बताया कि 29 अक्तूबर 2015 को एएसजे दो ऊना का व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी कॉन्स्टेबल अरुण कुमार कोर्ट परिसर के बाहर ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान सुबह करीब 11:30 बजे एक महिला व एक पुरुष (रिश्ते में मां-बेटे) आए और पुलिस जवान के साथ कहासुनी करने लगे। उसने दोनों का शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने उसे शर्ट के कॉलर से पकड़ लिया और धक्के मारकर मारपीट करने लगे। इस बीच पुलिस जवान की वर्दी भी फट गई। दोनों दोषी जिला मुख्यालय के साथ लगते एक गांव के रहने वाले हैं।
इस पूरे मामले में केस दर्ज कर जांच पड़ताल के बाद चालान कोर्ट में दायर किया गया। अदालत के समक्ष पांच गवाह पेश किए गए। दोनों पक्षों की दलीलों व गवाहों के बयान के बाद अदालत ने आरोपियों को दोषी पाया और उपरोक्त सजा सुनाई। इस मामले की पैरवी सहायक लोक अभियोजक सुरिंद्र पाल सिंह ने की।