अंब (ऊना)। पेरिस पैरालंपिक में सिल्वर मेडल विजेता निषाद कुमार का अंब और बदाऊं पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-बाजे और आतिशबाजी के साथ लोगों ने उनका स्वागत किया।
चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने निषाद कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने विश्व पटल पर देश और प्रदेश के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके लिए प्रदेश सरकार की तरफ से उन्हें तीन करोड़ रुपये पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने निषाद कुमार को माता चिंतपूर्णी के दरबार की चुनरी भेंट की। इसके साथ ही प्रशासन की तरफ से एसडीएम अंब सचिन शर्मा और नायब तहसीलदार कमलेश कुमार ने उनका स्वागत किया। अंदौरा में स्थानीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला के समीप स्कूली बच्चों और स्टाफ की तरफ से भी निषाद कुमार का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर अंब चौक में लोगों की तरफ से आतिशबाजी की गई। इसके पश्चात् निषाद कुमार ने अपने माता-पिता और बहन के साथ बदाऊं से ठाकुरद्वारा में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। जहां साथ आए लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। इसके पश्चात उनका काफिला उनके घर पहुंचा। जहां घर में बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ था। इस मौके पर बहन और परिवार की तरफ स्पेशल केक का बंदोबस्त किया गया था, जबकि रात के खाने में उसकी पसंदीदा खीर और मक्की की रोटी के साथ साग की व्यवस्था थी। इस मौके पर उनके पिता रछपाल सिंह, माता पुष्पा देवी, बहन रमा देवी। उनके कोच रहे नसीम अहमद सहित अन्य लोग मौजूद थे।
आर्थिक सहायता के लिए आभार, नौकरी की दरकार : निषाद
अंब (ऊना)। निषाद कुमार ने पेरिस पैरालंपिक में रजत पदक मिलने पर सरकार की तरफ से तीन करोड़ दिए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। अंब में पत्रकारों से बातचीत में निषाद ने कहा कि वह चाहते हैं कि प्रदेश सरकार की तरफ से उनकी उपलब्धि के हिसाब से नियमानुसार सरकारी नौकरी भी प्रदान की जाए। इस मौके पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू का कहना था कि आगामी 26 सितंबर को क्षेत्र में चिंतपूर्णी महोत्सव के लिए मुख्यमंत्री का आगमन होगा। उस वक्त उनके सामने इस बात को रखा जाएगा। गौरतलब है कि निषाद कुमार के स्वागत कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा था कि प्रदेश सरकार की तरफ से निषाद कुमार को दो करोड़ की घोषषा की गई है, जबकि बाद में उन्होंने निषाद कुमार को सूचित किया कि प्रदेश सरकार की तरफ से उन्हें तीन करोड़ रुपये प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। इस पर निषाद कुमार ने प्रदेश सरकार का आभार जताया है।