सिविल मामलों में सिविल सूट और आपराधिक मामलों में एमवी अधिनियम के सबसे ज्यादा केस
क्रॉसर
जिले में 807 फांसी के मामलों पर भी चल रही सुनवाई
केपी पांजला
ऊना। जिले की अदालतों में पहली अक्तूबर 2025 तक 44091 विभिन्न मामले लंबित हैं। इनकी अदालतों में सुनवाई चल रही है। इनमें 18214 सिविल मामले जबकि 25877 आपराधिक मामले हैं। जिला अदालत ऊना की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार सिविल मामलों में सबसे ज्यादा सिविल सूट के 9624 और विविध अनुप्रयोग के 5987 मामले लंबित हैं। सिविल मामलों में ऊना जिला मुख्यालय की अदालतों में 11435 जबकि अंब कोर्ट की अदालतों में 6779 मामले लंबित हैं। आपराधिक मामलों में ऊना मुख्यालय की अदालतों में 15430 जबकि अंब कोर्ट में 10447 मामलों पर सुनवाई होगी। आपराधिक श्रेणी के मामलों में सबसे ज्यादा छोटे मामले और एमवी अधिनियम के तहत 13902 हैं।
इसके अलावा एनआई अधिनियम के 3431 और पुलिस चालान के 3487 मामले हैं। जिले में फांसी के भी 807 मामलों पर सुनवाई जारी है। इनमें ऊना कोर्ट में 537 जबकि अंब कोर्ट में 270 मामले लंबित हैं। जिला में ऊना और अंब दो कोर्ट में ही मामलों की सुनवाई चल रही है।
हालांकि, 44091 मामलों में कुछ मामलों का 10 अक्तूबर तक निपटारा भी हो चुका है लेकिन 44 हजार से ज्यादा अब भी लंबित मामले हैं। इसके अलावा सिविल मामलों में भूमि अधिग्रहण, मोटर दुर्घटना दावा, संरक्षक एवं वार्ड अधिनियम, हिंदू विवाह अधिनियम, सिविल अपीलें, सिविल विविध अपील, नागरिक संशोधन, आवेदन की समीक्षा करें, एचपीएफसी के तहत याचिका, किराया अपील, मध्यस्थता, किराये के मामले, उत्तराधिकार अधिनियम, हिंदू कानून मामले, वेतन भुगतान अधिनियम, ईसी अधिनियम मामलों पर सुनवाई जारी है।