सड़क सुरक्षा माह के एक दिवसीय नेत्र जांच शिविर में हुआ खुलासा
80 चालकों में से 25 के आंखों की रोशनी जांच में पाई गई कम
नेत्र रोग विशेषज्ञ ने चश्मा लगाकर वाहन ड्राइव करने के लिए दिया परामर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत ऊना बस अड्डा में एक दिवसीय नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एचआरटीसी, निजी बस, टैक्सी और ऑटो चालकों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि ऊना के चालकों में आंखों की रोशनी कमजोर हो गई है। नेत्र रोग विशेषज्ञ ने 25 चालकों को वाहन चलाते समय चश्मा लगाने की सलाह दी। शिविर में कुल 80 चालक पहुंचे, जिनमें से 30 प्रतिशत से अधिक की आंखों की रोशनी कमजोर पाई गई। डॉक्टर सुरेश चौधरी ने चालकों की आंखों की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य व जागरूकता संबंधी जानकारी दी।
इसके अलावा शिविर में सड़क सुरक्षा नियमों की महत्ता पर भी जोर दिया गया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ऊना, अशोक कुमार ने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने, गुड समेरिटन नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव की जानकारी
आरटीओ अशोक कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव का आयोजन कर रहा है। इसमें भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 15 फरवरी तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
इस महोत्सव में 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति हिंदी या अंग्रेजी भाषा में सड़क सुरक्षा से संबंधित लघु वीडियो बनाकर भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता से संबंधित नियम एवं शर्तें (https://roadsafety.hp.gov.in/storage/files/tenders/sadak-suraksha-film-mahotsav.pdf) पर डाउनलोड की जा सकती हैं। इसके अतिरिक्त, प्रविष्टियां सीधे परिवहन निदेशालय, सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ, हिमाचल प्रदेश, शिमला में भी जमा करवाई जा सकती हैं।
पुरस्कार
आरटीओ ने बताया कि चयनित सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार में 25 हजार रुपये, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी शामिल है। इसके अतिरिक्त 20 विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक में 5 हजार रुपये और प्रमाण पत्र शामिल होंगे। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।