गगरेट (ऊना)। प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गगरेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश कालिया ने अपने क्षेत्र से जुड़े दो मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक में जनरेटर की व्यवस्था और मुबारिकपुर-मरवाड़ी-दौलतपुर चौक-गगरेट-गुगलैहड़ सड़क को राष्ट्रीय उच्च राजमार्ग घोषित करने की मांग शामिल रही।विधायक ने सदन में बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक में बिजली बाधित होने की स्थिति में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए सरकार से जनरेटर उपलब्ध करवाने की मांग की।
सरकार की ओर से जवाब देते हुए बताया गया कि इस स्वास्थ्य संस्थान में जनरेटर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 16,36,500 रुपये की राशि 9 मार्च 2026 को जारी कर दी गई है। जल्द ही यहां जनरेटर स्थापित कर दिया जाएगा।
वहीं विधायक ने मुबारिकपुर-मरवाड़ी-गगरेट-गुगलैहड़ सड़क को राष्ट्रीय उच्च राजमार्ग में तब्दील करने का मुद्दा भी सदन में उठाया। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस मार्ग को राष्ट्रीय उच्चमार्ग में शामिल करने के लिए पहले ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, नई दिल्ली को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
इस सड़क की कुल लंबाई लगभग 97.30 किलोमीटर बताई गई है और इसके ड्राफ्ट सर्वेक्षण रिपोर्ट को 30 अगस्त 2018 को स्वीकृति के लिए भेजा गया था, जिसकी मंजूरी अभी लंबित है। विधानसभा में इन दोनों मुद्दों के उठने से गगरेट क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ सड़क कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।