मामले की जांच के लिए चिकित्सा अधीक्षक को कार्रवाई करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मरीज का उपचार न किए जाने की सूचना मिलने पर कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा अस्पताल पहुंच गए। विधायक ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और चिकित्सकों की कार्यप्रणाली पर उनकी जमकर क्लास लगाई। उन्होंने मरीज को उपचार उपलब्ध न करवाने को गंभीर मामला बताते हुए चिकित्सा अधीक्षक को मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल में एक मरीज उपचार के लिए हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचा। उक्त विशेषज्ञ ने मरीज का उपचार किया। इसके बाद वे कुछ दिनों के अवकाश पर चले गए। अस्पताल में भर्ती मरीज का उक्त चिकित्सक के अवकाश के पर जाने के बाद संबंधित विभाग के अन्य चिकित्सकों ने उपचार नहीं किया। इसकी सूचना मिलने पर मामला विधायक विवेक शर्मा तक पहुंचा। इसके बाद विधायक सीधे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी ली।
विधायक ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और अधिकारियों से मरीज के उपचार को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को चिकित्सक के अवकाश पर होने का खामियाजा नहीं भुगतना चाहिए। अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। विधायक ने इस दौरान चिकित्सकों की कार्यप्रणाली को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में उपचार की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को किसी भी स्थिति में परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को पूरे मामले की जांच करने और जांच में लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सक के अवकाश पर जाने की स्थिति में अस्पताल प्रबंधन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए ताकि मरीजों को उपचार के लिए भटकना न पड़े।
एक चिकित्सक के अवकाश पर जाने के बाद अन्य चिकित्सकों ने मरीज का उपचार नहीं किया। यह गंभीर मामला है। इसे लेकर चिकित्सा अधीक्षक को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विवेक शर्मा, विधायक
मामला ध्यान में आया है मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक