संतोषगढ़ (ऊना )। नगर परिषद स्थित पशु चिकित्सालय में सोमवार देर रात्रि अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में अस्पताल परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा कई खिड़कियों के शीशे चकनाचूर कर दिए गए। जिस वजह से हजारों रुपये का नुकसान पशु चिकित्सालय प्रबंधन को हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जब अस्पताल के सफाई कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी पर पहुंचे तो उन्होंने अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार और खिड़कियों को टूटी हुई अवस्था में देखा। परिसर में हुए नुकसान को देखकर कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. गोविंद गर्ग को दी। सूचना मिलते ही डॉ. गोविंद गर्ग अस्पताल पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संतोषगढ़ पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने अपनी भड़ास निकालने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया हो, वहीं यह संभावना भी व्यक्त की जा रही है कि नशे की हालत में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ की गई हो। हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया मामले की जांच एएसआई राकेश कुमार कर रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।