गगरेट (ऊना)। हरोली क्षेत्र से रेत खनन करके पंजाब प्रांत ले जा रहे पांच टिपरों को गगरेट पुलिस ने शुक्रवार की आधी रात में नाके से पहले ही दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में सही जवाब न मिलने पर पांचों टिपरों से 75 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार यह रेत हरोली से खनन करके गगरेट के रास्ते पंजाब को पहुंचाया जा रहा था। पुलिस को इस मामले में गुप्त सूचना मिली थी। शुक्रवार की रात के समय पुलिस ने खनन माफिया को पकड़ने के लिए एक विशेष दस्ता बनाकर नाकेबंदी की। इस दौरान पुलिस की पकड़ में 5 टिपर आए। पुलिस ने जब इनसे पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि हरोली से खनन करके ये लोग गगरेट के रास्ते पंजाब में रेत लेकर जाते हैं। पुलिस ने 5 टिपरों का चालान काट कर मौके पर 75 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के ऊना से लंबे समय से रेत पंजाब और अन्य राज्यों को भेजा जाता है। इससे अच्छे दाम मिल जाते हैं। खनन माफिया इसी बात का फायदा उठाते हुए चांदी काट रहे हैं। खनन माफिया के हौंसले अब इतने बुलंद हो गए है कि स्वां नदी व खड्डों में जेसीबी व अन्य भारी मशीनें लगा कर खनन करने से भी बाज नहीं आते।
उधर, थाना प्रभारी हरनाम सिंह ने बताया कि फिलहाल 5 टिप्पर शिकंजे में आए जो अवैध रेत लेकर पंजाब जा रहे थे। जल्द ही स्वां नदी में खनन करने वालो पर भी कानूनी डंडा चलेगा। पुलिस की यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।