बड़ूही (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चौकी मन्यार की एनएसएस इकाई ने बुधवार को सामान्य बैठक आयोजित की। इसमें स्वयंसेवकों और संकाय सदस्यों ने पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा कर आगामी सत्र 2025-26 की रूपरेखा बनाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम सिंह के स्वागत भाषण से हुआ, जबकि प्राचार्य डॉ. बलिवांस सिंह राणा ने अध्यक्षता करते हुए युवाओं को नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने का संदेश दिया। बैठक में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, जागरूकता रैलियां और कार्यशालाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत हुई तथा वृक्षारोपण, स्वास्थ्य व साक्षरता अभियान जैसे नए प्रस्ताव पारित किए गए। अंकित कुमार को यूनिट लीडर, समीर कुमार को हेड बॉय और मोनिका देवी को हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रो. कविता कौशल, डॉ. रामकुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा व प्रो. नवीन शर्मा ने स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।