ऊना। अंतरराष्ट्रीय विश्व ध्यान दिवस पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय ऊना केंद्र की ओर से बचत भवन के ऑडिटोरियम में उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए ध्यान पर व्याख्यान आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारीज की जिला प्रभारी आशा दीदी, मैहतपुर केंद्र की प्रभारी बबिता बहन और सह प्रभारी अवदेश भाई ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपमंडल दंडाधिकारी अभिषेक मित्तल ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ध्यान योग से शरीर और आत्मा में सामंजस्य बनाकर हम अपने कार्यों को दक्षता से कर सकते हैं और जीवन व सामाजिक जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकते हैं। अवदेश भाई ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के लिए शुद्ध भोजन, आराम, व्यायाम और चिंतन की आवश्यकता पर जोर दिया।