ऊना। पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की हत्याओं के मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद ऊना ने रोष जताया है। मंगलवार को परिषद का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष निर्मल ठाकुर के नेतृत्व में डीसी ऊना से मिला।
उन्होंने डीसी ऊना के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेज पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने जाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में प्रांत उपाध्यक्ष रधुनाथ ठाकुर भी शामिल रहे। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष निर्मल ठाकुर ने कहा कि मुर्शिदाबाद में बंधु प्रकाश पाल, उनकी गर्भवती पत्नी और 8 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी गई। इस घटना से संपूर्ण राष्ट्र आहत है। उन्हाेंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बंगलादेशी घुसपैठियों के कारण हालत खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ममता सरकार भी अत्याचार करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
निर्मल ठाकुर ने कहा कि कई वर्षों से पश्चिम बंगाल के हिंदू समाज को षड्यंत्रपूर्वक आतंकित और प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने ज्ञापन में पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। बंधु प्रकाश पाल व परिवार हत्याकांड की सीबीआई जांच करवा हत्यारों को मृत्युदंड देने की मांग उठाई। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष मोहिंद्र शर्मा, जिला सह मंत्री संदीप शर्मा, बजरंग सह संयोजक संजीव चौहन, प्रखंड सह मंत्री अंब कपिल सूद, दिनेश, नितेश, सुनील, विनय, ऊना से रोबिन, अभिषेक, अभिनंदन, जोल से विजय कुमार और बराना से अश्विनी उपस्थित रहे।