ऊना। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच ऊना की बैठक सोमवार को सिद्धी दात्री मंदिर परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता कल्याण मंच के उपाध्यक्ष किशोरी लाल ने की।
उपाध्यक्ष किशोरी लाल ने बैठक को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन व वित्तीय लाभ समय न मिलने पर सरकार के प्रति जमकर रोष जताया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों का कहना है कि परिवहन मंत्री वोल्वो बसें व इलेक्ट्रॉनिक बसें खरीदने की बात कर रहे हैं, लेकिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन एवं वित्तीय लाभ से वंचित रखा जा रहा है। पेंशनर्स ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी तीन माह की पेंशन 12 जनवरी तक न दी गई तो वह 13 जनवरी को कांगड़ा सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच सहित परिवहन मंत्री के निवास पर रोष प्रकट करने के लिए धरना प्रदर्शन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी परिवहन मंत्री की होगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि लगभग पिछले तीन वर्ष से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मेडिकल बिलों तथा वर्ष 2006 के डीए का भुगतान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पेंशनर्स को समय पर पेंशन न मिलने से उन्हें बुढ़ापे में घर का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। पेंशनर्स ने सरकार से पेंशन का स्थायी प्रावधान करने की मांग की है। इस मौके पर ओंकार नाथ, सतीश कुमार, सुभाष सिंह, राकेश्वर दत्त, विशन दास, रमेश डोगरा, मनोहर लाल, भागमल, भगवंत किशोर, रामपाल, सुरेंद्र पाल, शाम लाल, विनोद कुमार, हरी कृष्ण व जोगा सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।