नेशनल हेराल्ड मामले में केंद्र सरकार के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन
एमसी पार्क से लेकर रोटरी चौक तक हाथों में झंडे लेकर विरोध स्वरूप निकाली रोष रैली
उपमुख्यमंत्री, विधायक, पूर्व विधायक समेत कांग्रेस पार्टी के अग्रणी संगठन हुए एकजुट
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। केंद्र सरकार के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले एमसी पार्क ऊना में विरोध प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ केंद्र सरकार के इशारों पर ईडी की ओर से नेशनल हेराल्ड मामले में दोबारा जांच के लिए चार्जशीट दायर की है। इसके विरोध में वीरवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर एकत्रित हुए और जिला कांग्रेस पार्टी के प्रधान राणा रणजीत सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में मोदी सरकार मुर्दाबाद, मोदी सरकार होश में आओ, ईडी का गलत इस्तेमाल बंद करो.. के नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि कांग्रेस की नेशनल लीडरशिप की आवाज को दबाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार घटिया राजनीतिक करने पर उतर आई है और ऐसे मामलों पर ईडी की ओर से कार्रवाई करवाई जा रही है, जो एक दशक पहले कार्रवाई में पाक साफ होकर निकले हैं। तदोपरांत कांग्रेस पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ एमसी पार्क से लेकर रोटरी चौक तक विरोध स्वरूप नारेबाजी करते हुए रोष रैली भी निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। इस दौरान विधायक राकेश कालिया, विधायक विवेक शर्मा, विधायक सुदर्शन बबलू, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, सदस्य विजय डोगरा, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, वीरेंद्र धर्माणी, अविनाश कपिला, सीमा शर्मा, रविंद्र सहोड, महताब सिंह ठाकुर अशोक ठाकुर, शोभित गौतम, देशराज गौतम, सतीश बिट्टू समेत महिला, युवा कांग्रेस सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। जिला प्रधान राणा रणजीत सिंह मनकोटिया ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अंग्रेजी शासनकाल के कृत्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। हिटलर की चाल चलने वालों को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। बाक्स
प्रदर्शन के दौरान एमसी पार्क में जहां एक ओर मोदी सरकार को कोसने के लिए कांग्रेसजन नारेबाजी करने में मस्त थे तो पापुलर के पेड़ की टहनी एकाएक नीचे गिर गई। गनीमत यह रही है कि बुजुर्ग को सिर पर मामूली चोट आई। लेकिन, टहनी के गिरने की आवाज सुनकर कुछ क्षण के लिए प्रदर्शन का माहौल ठहर सा गया। पुलिस और सुरक्षा कर्मी भी बुजुर्ग का हालचाल पूछने आ पहुंचे।
बाक्स
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ऐसे मामलों को हवा देकर लोगों को मूर्ख बनाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार मुद्दों से आम जनता का ध्यान बांटने की ओछी राजनीति कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस तरह की लड़ाई का सामना करने का आह्वान किया।
विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं के खिलाफ मोदी सरकार की ओर से ईडी का इस्तेमाल किया गया है। यह घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वालों की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। जिससे सहन नहीं किया जाएगा।
बाक्स
अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि मोदी सरकार जहां-जहां दरवाजा खोल देती है, वहां ईडी चल पड़ती है। गोरों के बाद मोदी की सरकार का यही रवैया है। जिसे देश की जनता भांप चुकी है।
बाक्स
पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि मोदी सरकार के गलत इरादों को देखकर डरना नहीं, बल्कि डट कर मुकाबला करना है। कहा कि मोदी और शाह ने हमेशा ही दबाने की राजनीति की है। कभी ईडी तो कभी अन्य एजेंसियों की शक्तियों का गलत प्रयोग करके बेवजह नेताओं को तंग किया जा रहा है।