ऊना। राजकीय महाविद्यालय ऊना में आयोजित चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘परिचय-26 : खुद को पहचानो’ के तहत बुधवार को एमबीए एवं एमसीए विभाग के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम हुआ। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिये अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौड़ मुख्यातिथि मौजूद रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा ने की।
कार्यक्रम में एमबीए के विद्यार्थियों ने बॉलीवुड, पंजाबी नृत्य और एमसीए विद्यार्थियों ने गिटार वादन एवं लुड्डी प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अन्य ध्यान आकर्षित किया। प्रो. मनीष गौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, धैर्य और दृढ़ता जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव के दौर में विद्यार्थियों को नई तकनीकों के साथ खुद को लगातार अपडेट रखना होगा। तकनीकी ज्ञान के साथ कौशल और रचनात्मक सोच को विकसित करना भी भविष्य की चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण रहेगा।