संचालक की शिकायत पर पंजाब के दो आरोपियों पर एफआईआर
रिश्तेदारों की गाड़ियों में क्रशर से निकलने वाली सामग्री चोरी करने का आरोप
फर्जी बिल बनाए, कैमरों की डीवीआर भी गायब
संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के तहत कुठारबीत स्थित एक स्टोन क्रशर से फर्जी बिल बनाकर 45 लाख की सामग्री और 15 लाख रुपये कैश चोरी करने का मामला सामने आया है। नकदी चोरी की घटना को शनिवार रात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने क्रशर संचालक की शिकायत पर आरोपी क्रशर प्रबंधक और एक कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रशर मालिक राजन शर्मा ने शिकायत में बताया कि उसने कुठारबीत में सुलतान स्टोन क्रशर वर्ष 2021 में खरीदा। इस दौरान उसने निशान सिंह निवासी वघयाड़ी गिदड़ी जिला तरनतारन, पंजाब को मैनेजर रखा। उसके एक अन्य साथी हरपाल सिंह और हरपाल निवासी खेरा लाडेवाल पंजाब को बतौर कर्मचारी रखा। कहा कि निशान सिंह के पास बिलिंग की आईडी और पासवर्ड रहते थे, जिसका उसने गलत फायदा उठाकर जाली बिल बनाए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि निशान सिंह ने अन्य दोनों आरोपियों से मिलकर कई दिन तक अपने रिश्तेदारों की गाड़ियों में क्रशर से निकलने वाली सामग्री की चोरी की। इसके लिए उसने गलत और फर्जी बिल बनाए। जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज में पिछले दिनों में भरी गाड़ियों की गिनती की तो उन्हें पता चला कि 45 लाख रुपये की सामग्री को चोरी से बेचा। इसका रिकॉर्ड क्रशर के रिकाॅर्ड में दर्ज नहीं है। राजन शर्मा ने पुलिस को बताया कि निशान सिंह ने भी माना कि उसने दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर इस कृत्य को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि निशान सिंह ने शनिवार को 7.34 लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवाए। बाकी 37.66 लाख की राशि कुछ दिन में देने की बात कही। कहा कि आरोपी निशान शनिवार रात को दफ्तर वाले कमरे में ही सोया। रविवार सुबह उसे किसी के पैसे देने थे। इसलिए वह दफ्तर गया तो अलमारी से 15 लाख रुपये और कैमरों की डीवीआर भी गायब थे, जो आरोपी निशान सिंह अन्य आरोपियों के साथ चोरी करके ले गया।
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जल्द आरोपियों को काबू तक जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।