संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंगलवार को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत आयुष विभाग जिला ऊना में 12 स्थानों पर बड़े स्तर पर सामूहिक सामान्य योगाभ्यास करवाया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रात: 7:00 बजे जवाहर नवोदय विद्यालय पेखुबेला में आयोजित किया जाएगा। यहां उपायुक्त राघव शर्मा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन झलेड़ा, पुलिस रिजर्व बटालियन बनगढ़, हिमकैप्स लॉ एंड नर्सिंग कॉलेज बढेड़ा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायंसरी, केसी कॉलेज पंडोगा, आईटीआई बंगाणा, डीएवी अंबोटा, गांधी सेवा आश्रम ओयल, एशियन डेवलपमेंट बिल्डिंग चिंतपूर्णी, बीएड कॉलेज मैड़ी, गुरुकुल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल कटौहड़ कलां में भी बड़े स्तर पर लोगों के सहयोग से सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. आनंदी शैली ने बताया कि जिला ऊना के सभी आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानीय पंचायत के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को धूमधाम से मनाया जाएगा। गांव से संबंधित आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पंचायत सहयोग से सामूहिक योगाभ्यास करवाएंगे। बताया कि वर्तमान जीवन शैली से संबंधित रोगों के उपचार में योग का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है।
वहीं, उपमंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी अंब डॉ. किरण शर्मा ने सभी से अपील की है कि सभी इस सामूहिक कार्यक्रम में शामिल होकर इसे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाएं और योगाभ्यास से स्वास्थ्य लाभ हासिल करें।