राज्यस्तरीय नलवाड़ और देवता मेले का शुभारंभ करेंगे तकनीकी शिक्षा मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला कमेटी अध्यक्ष और एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि 22 मार्च को राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला का शुभारंभ होगा। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि होंगे। जबकि राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेले का शुभारंभ 23 मार्च को होगा। देवता आगमन पर शुकदेव वाटिका से जवाहर पार्क तक शोभायात्रा निकलेगी। देवता मेले के दौरान 24 मार्च को देवनाद, 25 मार्च बजंतरी प्रतियोगिता, नाटी, साज-सज्जा और 26 मार्च को बजंतरी प्रतियोगिता (बेल) साज-सज्जा और राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेले का समापन होगा। उसी दिन राजे री जातर सुबह 10 बजे और शोभायात्रा 12 बजे महामाया मंदिर से जवाहर पार्क सुंदरनगर में पहुंचेगी।
पहली संध्या 22 मार्च को होगी
मनिंदर बुट्टर (पंजाबी गायक) अपनी प्रतिभा दिखाएगा। जबकि 23 मार्च को रुद्र बैंड, इशांत भारद्वाज (गायक) अपनी प्रस्तुति देंगे। 24 मार्च को (भक्ति रात्रि) देव आरती, फूलों की होली, रौलाने (किन्नौर) और इंडियन आइडल फेम नितिन अपनी प्रस्तुति देंगे। 25 मार्च को कॉमेडियन आयुष ठाकुर, गायिका नेहा दीक्षित और मिसेज हिमाचल प्रतियोगिता फिनाले के साथ इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा धमाल मचाएंगे। जबकि 26 मार्च को गायक बीरबल किन्नौरा सिराज़ी के साथ इंडियन आइडल फेम अंकुश भारद्वाज होंगे। 26 मार्च को सुकेत देवता मेले का समापन प्रदेश के प्राथमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला समापन एवं शोभायात्रा 28 मार्च दोपहर 2:00 बजे होगा। जिसमें विश्राम गृह लोक निर्माण विभाग से नागौण खड्ड सुंदरनगर तक शोभायात्रा निकलेगी।
मुख्य आकर्षण
मिसेज हिमाचल 2026 (सीजन-2) ग्रैंड फिनाले, राज्य स्तरीय फूड फेस्टिवल, पारंपरिक पशु मेला, 12 जिलों के सांस्कृतिक एवं पारंपरिक झांकियां, कुश्ती (छिंज) प्रतियोगिता, बजंतरी प्रतियोगिता एवं देवनाद मेले के मुख्य आकर्षण होंगे।