थाना सदर में रखी गई अवैध देसी शराब की खेप। स्रोत विभाग
ऊना। नशा तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस ने शिकंजा कसा है। मंगलवार रात को एक शराब तस्कर को काबू किया गया। उससे 300 बोतल देसी शराब पकड़ी गई। आरोपी की पहचान सौरभ कुमार (28) निवासी गांव घालूवाल तहसील हरोली जिला ऊना के तौर पर हुई।
जानकारी के मुताबिक थाना सदर ऊना की टीम नशा तस्करी और अवैध खनन के खिलाफ मंगलवार रात करीब 09:30 बजे गश्त पर थी। इस दौरान पुराना होशियारपुर सड़क मार्ग नजदीक स्वां नदी चौक पर पुलिसकर्मी मौजूद थे।
इतने में एक कार घालूवाल की ओर से आई और सड़क मार्ग से होते हुए ऊना जाने के बजाय नदी किनारे से लगते संपर्क मार्ग की ओर चली गई। पुलिस को शक हुआ तो गाड़ी का पीछा कर उसे रोक गया। कार सवार ने अपना नाम सौरभ कुमार बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट पर 11 पेटी देसी शराब की मिलीं। वहीं, गाड़ी कि डिग्गी में 14 पेटियां देसी शराब की मिलीं। पुलिस ने चालक से शराब से संबंधित दस्तावेज मांगे लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। कुल 300 बोतल देसी शराब पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया और गाड़ी को जब्त कर थाने लाया गया। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि नशा माफिया के खिलाफ अहम कार्रवाई की है। फरवरी में मैहतपुर थाना क्षेत्र में छापे के दौरान 19.14 ग्राम चिट्टा और 10,700 रुपये ड्रग मनी जब्त की गई। बीते सोमवार को हरोली और टाहलीवाल थाना क्षेत्र में दबिश के दौरान चूरा पोस्त, देसी कट्टा (पिस्टल), जाली नंबर प्लेट और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस बीच मंगलवार रात को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।