मैड़ी मेले में उमड़ी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी मेला बुधवार को पूरे धार्मिक हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया। मेले के पहले दिन बाबा जी के दरबार में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दरबार में हाजिरी भरकर अरदासें मांगीं।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी बेरी साहिब, गुरुद्वारा मंजी साहिब, कुज्जासर, मंदिर वीर नाहर सिंह जी के दरबार में भी माथा टेका और मन्नतें मांगीं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने पवित्र श्री चरणगंगा में पावन स्नान किया और पवित्र धूने के दर्शन कर शीश नवाया। हालांकि, मेले के पहला दिन होने के कारण अभी मेला क्षेत्र पूरी तरह से भरा नहीं है, फिर भी क्षेत्र में दिनभर बाबा जी के जयकारे गूंजते रहे।
आधिकारिक रूप से अंब ब्लॉक समिति मेला व्यवस्थाओं को 1973 से देख रही है। इसके तत्वावधान में ही हर वर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। उधर, बुधवार को मेला प्रबंधों की समीक्षा के लिए मेला प्रशासन की बैठक मैड़ी के अजीत दरबार परिसर में आयोजित की गई। अध्यक्षता मेला अधिकारी एवं एडीएम ऊना राजेश मारिया ने की। इस अवसर पर मेला क्षेत्र के नौ सेक्टरों के मजिस्ट्रेटों सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे। अतिरिक्त मेला अधिकारी अधिकारी एवं एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने मेला क्षेत्र में दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मेला सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है। अंब पंचायत समिति अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि मेले के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।