मैड़ी मेले में उमड़ी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी होली मोहल्ला मेले के तीसरे दिन हजारों श्रद्धालुओं ने स्थानीय धार्मिक स्थलों में माथा टेक कर बाबा का आशीर्वाद लिया। दिन भर सारा क्षेत्र जो बोले सो निहाल और बाबा जी के जयकारों से गूंजता रहा। चरणगंगा के महंत शादीलाल गोस्वामी ने बताया कि पावन चरणगंगा में करीब बीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया और धूने के दर्शन कर शीश नवाया। उन्होंने बताया कि देश-विदेश से हर वर्ष लाखों श्रद्धालु मैड़ी मेले में बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। श्री चरणगंगा में स्नान का भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व है। मान्यता है कि यहां स्नान करने से लोगों को रोगों और दुखों से मुक्ति मिलती है। श्रद्धालु स्नान के साथ-साथ चरणगंगा का पावन जल भी साथ लेकर जाते हैं। उधर, होली मेले के तीसरे दिन स्थानीय बाजार में कुछ रौनक दिखी। बड़ी संख्या में लोगों ने डेरा बाबा बड़भाग सिंह बेरी साहिब, गुरुद्वारा मंजी साहिब, कुज्जासर, मंदिर वीर नाहर सिंह जी में अरदासें करवाईं। होली मेले के विशेष मौके पार विभिन्न धार्मिक स्थलों में संगतों की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पाठ भी रखवाए गए हैं। पुलिस मेला अधिकारी एवं एएसपी ऊना मदनलाल कौशल ने बताया कि मेला सुचारु रूप से चल रहा है। कानून व्यवस्था पर पुलिस प्रशासन की पूरी नजर है। क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर भी विशेष रूप से नजर रखी जा रही है।