मां चिंतपूर्णी के दरबार
में इन दिनों श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। पंजाब, हरियाणा
और दिल्ली में छुट्टियां होने के कारण लोगों ने हिमाचल की ओर रुख कर लिया
है।
इसके चलते श्रद्धालु प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में भी भारी संख्या
में माथा टेकने पहुंच रहे हैं। रविवार और सोमवार को चिंतपूर्णी मंदिर में
श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब देखने को मिला।
इन दो दिनों में करीब 45 हजार
श्रद्धालुओं ने पवित्र पिंडी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर
प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हुए थे, लेकिन भीड़ के आगे प्रशासन की
व्यवस्था धराशायी होती नजर आई। मंदिर प्रशासन ने संक्रांति के दिन मंदिर को
रात साढ़े बारह बजे ही खोल दिया था।
दोपहर तक श्रद्धालुओं की लाइनें करीब
एक किलोमीटर तक पहुंच चुकी थीं। थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया ने बताया कि
क्षेत्र में भिखारियों पर पुलिस ने लगाम कस रखी है।
ट्रैफिक व्यवस्था को
बेहतर बनाने के जगह जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। मंदिर अधिकारी
सुभाष चौहान ने बताया कि चोर दरवाजों से किसी को भी माथा टेकने नहीं दिया
जा रहा है।
सिविल ड्रेस में भी होमगार्ड जवानों को जगह-जगह व्यवस्था पर नजर
रखने के लिए तैनात किया हुआ है। उन्होंने बताया कि दो दिनों में 45 हजार
श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।