ऊना। दिवाली की रात पटाखों से निकली चिंगारियों से कई जगह आग की घटनाएं सामने आई हैं। फायर स्टेशन अधिकारी सुरेश कुमार ने दिवाली की रात सामने आईं आग की घटनाओं में पटाखों से आग लगने की पुष्टि की है।
लालसिंगी में झुग्गियों में आग लगने से करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। रायपुर सहोड़ा में घास के आग की चपेट में आने से 20 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। हरोली के धर्मपुर में लकड़ी और बिजली के तारों को आग से नुकसान पहुंचा है। नंगड़ा में एक घर की छत पर रखी घास में आग लगने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
रायंसरी में पराली और हुंडई एजेंसी के पास आग की घटना में पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ हैं। वहीं, मैहतपुर ट्रक यूनियन में खड़े एक ट्रक में आग लगने से करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। रायंसरी में टेलर की दुकान आग की चपेट में आ गई। इससे 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। चलोला में पशुचारा जलने से दो हजार रुपये और पुराना होशियारपुर रोड पर आग की घटना में 2500 रुपये का नुकसान हुआ। पंडोगा में तूड़ी के स्टोर में आग लगने से करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दिवाली की रात अलग-अलग जगह आग की घटनाओं के चलते दमकल विभाग की टीमों को लगातार मुस्तैद रहना पड़ा। फायर स्टेशन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि दिवाली की रात आग की कई घटनाएं सामने आई हैं। इनमें पटाखों से आग लगने के मामले सामने आए हैं।