आज तो पेटी ही ले चलो....ऊना में शराब के ठेके खुलते ही एक युवक शराब की पेटी ले कर जाता हुआ
- फोटो : Una
ऊना। लॉक डाउन के तीसरे चरण में सोमवार को जिला शराब ठेके खुलते ही ठेकों पर शराब की ओवरचार्जिंग शुरू हो गई। शराब ठेकों में कहीं रॉयल स्टैग 570 तो कहीं पर 700 रुपये प्रति बोतल के हिसाब से बिकी।
इसके अलावा कई ठेकों पर शराब के कई ब्रांड खत्म हो चुके हैं। इसके चलते लोगों को देसी शराब की बोतलें भी महंगे दामों पर खरीदनी पड़ रही हैं। शराब के ठेकों पर देसी शराब की बोतल भी 200 रुपये से लेकर 300 रुपये प्रति बोतल के हिसाब से बिक रही है। इसके अलावा शराब ठेकों पर मैक डवैल की बोतल भी 500 रुपये के हिसाब से बेची जा रही है। बताया जा रहा है कि जिले के कई शराब ठेकों पर लोगों से शराब की बोतल पर अंकित किए रेट से अधिक दाम वसूल किया जा रहा है। सोमवार को जिला में जहां लोगों ने शराब ठेकों पर सोशल डिस्टेंस रखकर शराब की बोतलें खरीदीं, तो वहीं कई लोगों दोपहिया वाहनों पर ही शराब की पेटियां ले जाते हुए नजर आए।
जिला में कई जगहों पर ठेकों पर शराब उपभोक्ताओं से सेल्समैन द्वारा शराब की ओवर चार्ज करने की शिकायतें मिल रही हैं। जिला के छतरपुर ढाडा, हरोली और पंडोगा क्षेत्र में शराब के ठेकों पर ओवरचार्जिंग की शिकायतें मिली हैं। आबकारी और कराधान उपायुक्त प्रदीप कुमार का कहना है कि विभाग की ओर से ठेकों पर रेट लिस्ट लगाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ठेकों पर हो रही ओवरचार्जिंग की जांच करने के लिए विभाग के इंस्पेक्टर्स को भी निर्देश दिए हैं।