खड्ड स्टेडियम में फुटबाल महाकुंभ में खिलाड़ियों के दिखाया दमखम
प्रदेश और अन्य राज्यों की 30 से अधिक टीमें ले रहीं हिस्सा
70 साल से अधिक समय से आयोजित करवाई जा रही प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड गांव में शुक्रवार को 73वें ऑल इंडिया ओपन पंडित मोहन लाल दत्त फुटबाल प्रतियोगिता के जबरदस्त मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में प्रदेश और अन्य राज्यों की 30 से अधिक बड़ी टीमें हिस्सा ले रही हैं।
शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों के जूनियर वर्ग में लायंस क्लब पंडोगा ने फुटबाल अकादमी खड्ड बी टीम को मात दी। वरिष्ठ वर्ग के मुकाबलों में ओलंपियन कैप्टन नरिंजन सिंह ढिल्लों फुटबाल अकादमी मजारा ढिंगरियां ने फुटबाल अकादमी अंबोटा को हराया। दूसरे मुकाबले में अनूप फुटबाल क्लब झलेड़ा ने बाबा बाल पुरी क्लब को हराया। तीसरे मुकाबले में वाईएफसी पंजावर रेड ने वाईएफसी गुगलैहड़ को मात दी। वाईएफसी अकादमी खड्ड ए ने शिव शंकर फुटबाल क्लब पंजावर को मात दी
इसी प्रकार शनिवार को होने वाले मुकाबलों में पहला मुकाबला अंडर-17 वर्ग में फुटबाल अकादमी रुड़का कलां और भदसाली अकादमी के बीच होगा। इसके बाद सीनियर वर्ग में वाईएफसी खड्ड और शिमला के बीच मैच होगा। इसके बाद शाह खड्ड और लायंस क्लब पंडोगा, बाबा भरथरी फुटबाल क्लब और शिवशंकर क्लब पंजावर, वीनस दौलतपुर व जहान खेलां और गलुआ व बेलको इलेवन के बीच कड़ी टक्कर होगी। इसके बाद शाम का आखिरी मैच अंडर-17 वर्ग में बेलको इलेवन और लायंस क्लब जूनियर के बीच होगा।
आयोजन समिति से सुमित दत्ता, अनिल दत्ता व अन्य ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान बारिश के थोड़ा खलल डाला। लेकिन हल्की बारिश में मुकाबले जारी रहे। इस दौरान खिलाड़ियों की ओर से भी पूरा सहयोग मिला। वहीं दर्शन भी बारिश के बीच डटे रहे। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दिन प्रतियोगिता में बड़ी टीमों की टक्कर होगी।