ऊना। जिले के राशन डिपुओं में ईकेवाईसी के तहत राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्य को आधार से जोड़ने के कार्य में उपभोक्ताओं की बड़ी संख्या वंचित है। इसके लिए निर्धारित अंतिम माह अक्तूबर में डिपुओं में पीओएस मशीनों में सर्वर डाउन एवं अन्य समस्याओं को लेकर ईकेवाईसी कार्य गति नहीं पकड़ पाया। इसी को देखते हुए अंतिम तिथि गुजरने के बाद उपभोक्ता की ओर से ईकेवाईसी समयावधि को बढ़ाने की मांग उठी है। जिले में अभी तक 70 प्रतिशत ही ईकेवाईसी संपन्न हुई है। लगभग 30 प्रतिशत उपभोक्ता इस प्रक्रिया को अपनाने से वंचित हैं। सरकार एवं विभाग की ओर से हाल ही में इसे 31 अक्तूबर तक बढ़ाया गया था। हालांकि अंतिम तिथि गुजरने के बावजूद उपभोक्ताओं के हित के लिए कई डिपो संचालक ईकेवाईसी कार्य कर रहे हैं, लेकिन बिना अधिकृत तिथि के यह ईकेवाईसी कार्य मान्य होगा या नहीं, यह बड़ा सवाल है। ईकेवाईसी न करवाने वाले उपभोक्ताओं को अब राशन कार्ड अस्थायी रूप से बंद होने का डर सता रहा है। प्रदेश सहित जिले में अक्तूबर में पीओएस मशीन का सर्वर एवं ऑनलाइन सिस्टम ठप रहने के चलते उपभोक्ताओं में जतिंद्र कुमार, राजेश कुमार, अरुण, नरेंद्र, नरेश कुमार, मनीता, सुरेखा आदि ने सरकार से ईकेवाईसी के लिए तिथि को बढ़ाने की मांग की है।
अभी तक ईकेवाईसी के लिए नई तिथि की सूचना सरकार एवं उच्च विभाग की ओर से नहीं है। वैसे डिपुओं में इसे किया जा रहा है। आशा है इसकी तिथि को और बढ़ाया जाएगा।
-राजीव शर्मा, नियंत्रक, जिला खाद्य आपूर्ति नागरिक एवं उपभोक्ता मामले, ऊना